


सत्य प्रकाश मदेशिया
महराजगंज। सोहगीबरवां वन्य जीव प्रभाग के निचलौल रेंज के ग्राम सभा सिसवा खुर्द अमडीहां में पिछले तीन दिनों से तेंदुए ने दस्तक दी हुई है। बकरी व भैंस के पड़वे को अपना शिकार बना चुका है। खेत की तरफ गए लोगों ने धान के खेतों में देखा तेंदुए का पद चिंह जिससे गांव वालों में दहशत का माहौल व्याप्त है। भय से गांव वाले लाठी डंडे लेकर पहरा दे रहे हैं। सिसवा खुर्द अमडीहां के ग्रामीणों के अनुसार पश्चिम दिशा के सिवान की तरफ विगत तीन दिनों से तेंदुए ने दस्तक दी है। गन्ने के खेतों में छिपा तेंदुआ सोमवार की शाम को बकरी चराने गए गांव के भरदुल की एक बकरी को तेंदुआ चोरी से दबोच ले गया। वहीं बुधवार की शाम ग्राम सभा बीजापार निवासी एक पशुपालक सिसवा खुर्द अमडीहां के सिवान के तरफ स्थित ईंट भट्ठे की तरफ अपनी भैंसों व उनके पड़वे को चराने के लिए गए थे। इसी बीच मौका देख तेंदुए ने भैंस के एक पड़वे को गन्ने के खेत मे घंसिट ले गया। उन्होंने जब शोर मचाया तो मौके पर ईंट भट्ठे के मजदूर तथा गांव के आदित्य देव मुन्ना सिंह विशाल सोनू गिरिजेश अविनाश व अमित एकत्र हो गए और गन्ने के खेत मे लाठी डंडे के साथ झरवा कर तेंदुए को किसी तरह से खदेड़ा। धान के खेतों में तेंदुए के पद चिंह देखे गए जिसके बाद लोगों ने अनुमान लगाया कि तेंदुआ गन्ने के खेत से निकल कर अगल बगल के खेतों में घूम रहा है। धीरे-धीरे यह बात सिसवा खुर्द सहित अगल बगल के गांवों में फैल गई। इसी बीच आदित्य देव ने वन विभाग के अधिकारियों को इस बात की सूचना फोन से देनी चाही लेकिन किसी ने भी उनका फोन नहीं उठाया। पूरे गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है, लोग लाठी डंडे के साथ गांव की रखवाली कर रहे हैं। प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी निचलौल डीएस मिश्रा ने बताया कि तेंदुए की सूचना मिली है। संबंधित वनकर्मियों को देख रेख के लिए लगाया गया है। गांव वालों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
No comments so far.
Be first to leave comment below.